राजस्थान में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में साइबर अपराध का एक हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां एक शातिर ठग सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों की व्यक्तिगत जानकारियों का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी करता था। वह सोशल मीडिया पर पोस्ट देखकर लोगों की सगाई और पारिवारिक तस्वीरें खंगालता था और फिर एक जाल बिछाकर बड़ी ठगी को अंजाम देता था।
फेसबुक और इंस्टाग्राम से रिश्तेदारों की जानकारी लेकर करता था ठगी
आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लोगों की शादी और सगाई की पोस्टों को ध्यान से देखता था। इन पोस्टों के कमेंट्स से वह रिश्तेदारों की जानकारी प्राप्त कर लेता था। इसके बाद वह लड़की की आवाज में फोन कर खुद को पीड़ित की ‘साली’ बताता और मीठी-मीठी बातों में उलझाकर पीड़ित से पैसे ट्रांसफर करवा लेता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी बहुत ही चालाकी से लोगों का भरोसा जीतता था, जिससे कई लोग आसानी से उसके जाल में फंस जाते थे।
पुलिस ने आरोपी को बारां जिले से किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को बारां जिले से गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान पता चला कि 2 अप्रैल को एसपी ऑफिस से संदिग्ध म्यूल बैंक खातों की सूची मिली थी, जिनके जरिए साइबर ठगी की आशंका थी। जब खातों की जांच की गई, तो 1930 पर कुल 10 शिकायतें दर्ज हुईं। इसके आधार पर 27 अप्रैल को कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर पोस्ट देखकर रिश्तेदारों की जानकारी जुटाता था और फिर लड़की की आवाज में कॉल कर पीड़ित से पैसे हड़प लेता था। फिलहाल पुलिस उसकी पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। यह कार्रवाई एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में, एएसपी विजय सिंह मीणा और सीओ सिटी उदय सिंह मीणा की निगरानी में की गई।












