मुख्य बातें
- अलवर-जयपुर सड़क पर टैंकर पलटने से तेल फैला, ग्रामीणों ने तेल इकट्ठा किया।
- तेल फैलने से सड़क और खेतों में अफरा-तफरी मच गई, हादसे में चालक घायल।
- टैंकर नीलगाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलटा।
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक का अस्पताल में इलाज शुरू किया।
अलवर-जयपुर सड़क पर बड़ा हादसा, टैंकर पलटा
तेल फैलने से खेत और सड़क पर हड़कंप मच गया
गंभीर रूप से घायल चालक अस्पताल में भर्ती
राजस्थान के अलवर-जयपुर सड़क मार्ग पर बीती रात एक अनोखा और डरावना हादसा हुआ। तेज रफ्तार से आ रहा एक टैंकर, जो कच्ची घानी सरसों का तेल ले जा रहा था, अचानक पलट गया। यह घटना नटनी के बारा से करीब 500 मीटर आगे जयपुर रोड पर हुई।
हादसे का कारण एक नीलगाय को बचाने का प्रयास बताया जा रहा है। जैसे ही टैंकर चालक ने जान बचाने के लिए गाड़ी को अचानक मोड़ा, वाहन अपना संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खेतों में पलट गया।
पलटते ही टैंकर में भरा तेल सड़क और खेतों में फैल गया। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में तेल फैलने की खबर आग की तरह फैल गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए, अपने घरों से बाल्टी, डिब्बे और बर्तन लेकर खेतों में फैले तेल को इकट्ठा करने लगे।
घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग खेतों और सड़क किनारे तेल को भरते नजर आ रहे हैं। इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई।
हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उसे अकबरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि टैंकर जयपुर से अलवर की ओर आ रहा था।












