चीन का उत्तर-पश्चिमी रेगिस्तान में बड़ा सैन्य नेटवर्क निर्माण
चीन अपने दूरदराज के उत्तर-पश्चिमी रेगिस्तानी क्षेत्र में एक विशाल सैन्य और संचार नेटवर्क का निर्माण कर रहा है, जिसमें लॉन्चिंग साइट्स, मजबूत किलेबंद संरचनाएं और अत्याधुनिक संचार बुनियादी ढांचा शामिल है। एक अमेरिकी शोधकर्ता ने इस गतिविधि को चीन की परमाणु सुरक्षा और बचे रहने की क्षमता को मजबूत करने का अभूतपूर्व प्रयास बताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि चीन इस क्षेत्र में एक ऐसा जटिल न्यूक्लियर चक्रव्यूह बना रहा है, जिसे अमेरिका के लिए पार करना लगभग असंभव हो सकता है। हाल ही में सेटेलाइट से प्राप्त नई तस्वीरों ने इस क्षेत्र में हो रही भारी सैन्य गतिविधियों को उजागर किया है, जो चीन की रणनीतिक ताकत को दर्शाती हैं।
सैन्य संरचनाओं का विस्तार और रहस्यमय ऑक्टागन बेस
रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन ने अपने न्यूक्लियर साइलो फील्ड के आसपास 80 से अधिक विशाल कंक्रीट लॉन्च पैड बनाए हैं, जिनके साथ ही बंकर, सैन्य गोदाम, संचार केंद्र और अत्याधुनिक रक्षा संरचनाएं भी स्थापित की गई हैं। इन लॉन्च पैड का आकार इतना बड़ा है कि इन पर मोबाइल मिसाइल लांचर, एयर डिफेंस सिस्टम और भारी सैन्य वाहन आसानी से तैनात किए जा सकते हैं। सबसे चर्चा में रहने वाला है एक रहस्यमय ऑक्टागन आकार का बेस, जिसे सुरक्षा विशेषज्ञों ने न्यूक्लियर चक्रव्यूह का नाम दिया है। यह बेस सामान्य सैन्य अड्डे से अलग दिखता है, इसकी बनावट बहुस्तरीय सुरक्षा ढांचे जैसी है, जिसमें मुख्य कमान केंद्र सबसे अंदर है, जहां युद्ध की स्थिति में निर्णय लिए जाते हैं और मिसाइल नेटवर्क का नियंत्रण होता है।
सुरक्षा रणनीति और परमाणु शक्ति का विस्तार
बेस के बाहर दूसरी परत में सैनिकों, अधिकारियों और तकनीकी स्टाफ के रहने और संचालन की सुविधाएं मौजूद हैं, जिससे यह लंबे समय तक स्वतंत्र रूप से कार्य कर सकता है। तीसरी और सबसे महत्वपूर्ण परत भारी सैन्य वाहनों, मिसाइलों और युद्ध सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए तैयार की गई है, ताकि दुश्मन किसी एक हिस्से को निशाना बनाकर भी बाकी सिस्टम को प्रभावित न कर सके। पूरे क्षेत्र को बख्तरबंद बंकरों, सुरक्षित हथियार डिपो, एयर स्ट्रिप और रेलवे लाइनों से जोड़ा गया है, जो सीधे परमाणु मिसाइलों के क्षेत्र तक पहुंचती हैं। हाल ही में इस इलाके में चीनी सेना की गतिविधियों में वृद्धि देखी गई है, जिसमें मिसाइल बैट्रियों, भारी सैन्य ट्रकों और बड़े पैमाने पर युद्धाभ्यास की तस्वीरें सामने आई हैं।












