उत्तर भारत में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक नैनीताल का रुख कर रहे हैं
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज गर्मी के कारण लोग राहत पाने के लिए नैनीताल जैसे पहाड़ी पर्यटन स्थलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इन दिनों नैनीताल और उसके आसपास के पर्यटन स्थल पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। वीकेंड पर शहर की माल रोड, स्नो व्यू, चिड़ियाघर, केव गार्डन और अन्य प्रमुख स्थानों पर सैलानियों का जमावड़ा लगा रहा।
श्रद्धालु और पर्यटक दोनों का उमड़ा हुजूम
वहीं, विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंचीधाम मंदिर में भी श्रद्धालुओं का सैलाब लगातार बढ़ रहा है। हर दिन देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। नैनीताल की प्रसिद्ध नैनी झील भी पर्यटकों से गुलजार है। झील किनारे नौकायन के लिए लंबी कतारें लगी हैं और शाम तक पर्यटक बोटिंग का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। मौसम की ठंडी हवाएं और रात का सुहावना माहौल सैलानियों को खासा आकर्षित कर रहा है।
पर्यटन कारोबार और ट्रैफिक व्यवस्था पर बढ़ता दबाव
गर्मी की तपिश से राहत पाने के लिए पहाड़ों की ओर बढ़ता यह रुख आने वाले दिनों में और भी तेज होने की संभावना है। नैनीताल में होटल, होमस्टे और गेस्ट हाउस लगभग फुल हो चुके हैं, जिससे स्थानीय व्यवसायियों में खुशी का माहौल है। रेस्टोरेंट, टैक्सी चालक और छोटे व्यापार भी इस रौनक का लाभ उठा रहे हैं।
हालांकि, बढ़ती भीड़ के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ा है। माल रोड, भवाली रोड, कालाढूंगी रोड और नैनीताल के प्रवेश मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार पर्यटकों को घंटों वाहनों में फंसे रहना पड़ता है। प्रशासन और पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुटे हैं। इस बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या नैनीताल की पर्यटन गतिविधियों के लिए चुनौती बन गई है।












