उत्तर प्रदेश के कौशांबी में तेज आंधी-तूफान से हुई मौतें
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में बीती रात करीब तीन बजे आए भीषण आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा के कारण कई घर ढह गए और पेड़ गिरने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। खासतौर पर पश्चिम शरीरा और पइंसा कोतवाली क्षेत्र में हुई इन घटनाओं ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।
मलबे में दबने से तीन की जान गई, एक घायल
दूनी तिवारी का पूरा गांव में एक पुराना नीम का पेड़ अचानक कच्चे मकान पर गिर गया, जिसमें मां, बेटी और बेटे की जान चली गई। इस हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, शाखा पहाड़पुर गांव में सो रहे अधेड़ चंद्रभान के ऊपर टीन शेड गिरने से उनकी भी मौत हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत ही मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की
कौशांबी के डीएसपी जेपी पांडे ने बताया कि तेज आंधी के कारण कच्चे मकान पर पेड़ गिर गया था, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं, जबकि एक बच्चा घायल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन की टीम भी नुकसान का जायजा लेने मौके पर पहुंची है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और लोग शोकाकुल हैं।












